लक्ष्मी आरती

धन, समृद्धि और सुख-शांति की प्राप्ति के लिए शुभ मंत्र

आरती · 11 बार पढ़ा गया
रोहन

ॐ जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता। तुमको निसदिन सेवत, हर विष्णु विधाता॥ ॐ जय लक्ष्मी माता॥

उमा रमा ब्रह्माणी, तुम ही जग माता। सूर्य चंद्रमा ध्यावत, नारद ऋषि गाता॥ ॐ जय लक्ष्मी माता॥

दुर्गा रूप निरंजनि, सुख सम्पत्ति दाता। जो कोई तुमको ध्यावे, ऋद्धि सिद्धि धन पाता॥ ॐ जय लक्ष्मी माता॥

तुम पाताल निवासिनि, तुम ही शुभदाता। कर्म-प्रभाव-प्रकाशिनि, भवनिधि की त्राता॥ ॐ जय लक्ष्मी माता॥

जिस घर तुम रहती हो, सब सद्गुण आता। सब सम्भव हो जाता, मन नहीं घबराता॥ ॐ जय लक्ष्मी माता॥

तुम बिन यज्ञ न होते, वस्त्र न कोई पाता। खान-पान का वैभव, सब तुमसे आता॥ ॐ जय लक्ष्मी माता॥

शुभ गुण मंदिर सुंदर, क्षीरोदधि जाता। रत्न चतुर्दश तुम बिन, कोई नहीं पाता॥ ॐ जय लक्ष्मी माता॥

महालक्ष्मी जी की आरती, जो कोई नर गावे। उर आनंद समावे, पाप उतर जावे॥ ॐ जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता॥